हिन्दी समाचार : धरमजयगढ़
धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम सिसरिंगा में आयोजित विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम अव्यवस्थाओं के कारण चर्चा में आ गया। शासन की महत्वाकांक्षी योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे, लेकिन आयोजन स्थल पर कई व्यवस्थाओं की कमी साफ नजर आई।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में पालकों और ग्रामीणों की उपस्थिति अपेक्षाकृत काफी कम रही। वहीं कार्यक्रम के दौरान विकासखंड शिक्षा अधिकारी के संबोधन के समय कुछ शिक्षक अपने मोबाइल में व्यस्त दिखाई दिए और कई शिक्षक आपस में बातचीत करते नजर आए। अपने ही अधिकारी के संबोधन के दौरान शिक्षकों की इस लापरवाही को लेकर मौजूद लोगों में नाराजगी देखी गई।कार्यक्रम में पहुंचे गोकुल नारायण यादव ने व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि शाला प्रवेश उत्सव बच्चों की शिक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है, ऐसे कार्यक्रम में अव्यवस्था दुर्भाग्यपूर्ण है।
कार्यक्रम में स्थानीय मीडिया को रखा गया दूर, उठे सवाल
शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम में मीडिया को सूचना नहीं दिए जाने को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया, लेकिन मीडिया को कार्यक्रम की जानकारी तक नहीं दी गई। ऐसे में शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
उन्होंने अधिकारियों से भविष्य में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की बात कही।ग्रामीणों का कहना है कि शासन द्वारा बड़े स्तर पर आयोजन किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर तैयारी का अभाव दिखाई देता है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे कार्यक्रमों में मूलभूत सुविधाओं और बेहतर प्रबंधन की मांग की है।
कार्यक्रम में नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत, मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान और सरस्वती सायकल योजना के तहत छात्राओं को साइकिल वितरण किया गया। हालांकि कार्यक्रम में रही अव्यवस्थाओं को लेकर अब क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।










