हिन्दी समाचार : धरमजयगढ़

ग्राम पंचायत खम्हार में पंचायत द्वारा निर्मित तीन दुकानों के व्यावसायिक परिसर की प्रस्तावित नीलामी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। नीलामी प्रक्रिया को लेकर असहमति जताते हुए उपसरपंच, पंच एवं ग्रामीणों ने जनपद पंचायत धरमजयगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर नीलामी स्थगित करने की मांग की है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि ग्राम पंचायत खम्हार द्वारा निर्मित तीन दुकान व्यावसायिक परिसर भवन की नीलामी 23 अगस्त 2026 को रखी गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह नीलामी सर्वसम्मति से तय नहीं हुई है। नीलामी प्रक्रिया को लेकर उपसरपंच, पंच एवं ग्रामवासी आपत्ति जता रहे हैं और इसे लेकर गांव में विवाद की स्थिति निर्मित हो रही है।
ग्रामीणों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी से मांग की है कि जब तक सभी पक्षों की सहमति नहीं बन जाती, तब तक दुकानों की नीलामी प्रक्रिया को स्थगित रखा जाए। ज्ञापन के माध्यम से गांव में शांति एवं आपसी सहमति बनाए रखने की भी अपील की गई है।

अब देखना होगा कि ग्रामीणों की आपत्ति के बाद जनपद पंचायत प्रशासन इस प्रस्तावित नीलामी पर क्या निर्णय लेता है और क्या 23 अगस्त को होने वाली नीलामी को स्थगित किया जाता है।













