हिन्दी समाचार : धरमजयगढ़
नगर और आसपास के क्षेत्रों में आज एक बार फिर चार्टर्ड प्लेन आसमान में उड़ता नजर आया, जिसके बाद लोगों के बीच चर्चाओं और अटकलों का दौर तेज हो गया है। पिछले कुछ दिनों से लगातार हवाई जहाज के देखे जाने से स्थानीय नागरिकों में जिज्ञासा के साथ-साथ चिंता भी बढ़ती जा रही है।आपको बता दें कि यह विमान शनिवार आज 11 बजे के आसपास दमास के आसपास से गुजरते हुए आगे की तरफ गया है।
स्थानीय स्तर पर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। कोई इसे खनिज संसाधनों के सर्वे से जोड़कर देख रहा है, तो कुछ लोग इसे किसी बड़ी औद्योगिक परियोजना की तैयारी मान रहे हैं। क्षेत्र में पहले से प्रस्तावित कोल कंपनियों और अन्य परियोजनाओं को लेकर भी इस गतिविधि को जोड़कर देखा जा रहा है।
हालांकि, इस पूरे मामले में प्रशासन या किसी आधिकारिक विभाग की ओर से अब तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। अधिकारियों की चुप्पी ने लोगों की उत्सुकता और संदेह दोनों को और बढ़ा दिया है।नगरवासियों का कहना है कि यदि यह किसी सर्वे या परियोजना से जुड़ा मामला है, तो प्रशासन को पारदर्शिता रखते हुए इसकी जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए, ताकि भ्रम की स्थिति खत्म हो सके।
फिलहाल, आसमान में मंडराते इस रहस्यमयी प्लेन को लेकर धरमजयगढ़ में चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग इसके पीछे की सच्चाई जानने को उत्सुक हैं।








