हिन्दी समाचार : धरमजयगढ़

ज्योति उच्चतर माध्यमिक विद्या मंदिर धरमजयगढ़ में थाना धरमजयगढ़ पुलिस द्वारा बच्चों को साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित व्यवहार को लेकर जागरूक किया गया। थाना प्रभारी राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के बढ़ते मामलों, ऑनलाइन ठगी से बचने के उपायों तथा इंटरनेट और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
पुलिसकर्मियों ने बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में भी विस्तार से समझाया। बच्चों को बताया गया कि किसी भी व्यक्ति के गलत व्यवहार या असहज स्पर्श को नजरअंदाज न करें और ऐसी स्थिति में बिना डर के अपने माता-पिता, शिक्षक अथवा पुलिस को इसकी जानकारी दें।
पुलिस का संदेश : सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और किसी भी गलत व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाएं।
इस दौरान बच्चों को अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क, संदिग्ध लिंक, ओटीपी, पासवर्ड और निजी जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई। पुलिस ने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे मजबूत हथियार है।
कार्यक्रम में प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी, प्रधान आरक्षक श्याम देव साहू एवं महिला आरक्षक ज्योति यादव आरक्षक मायाराम राठिया उपस्थित रहे। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल भरोसेमंद व्यक्ति अथवा पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।














