हिन्दी समाचार : धरमजयगढ़
नगर पंचायत धरमजयगढ़ के तीन मनोनीत एल्डरमैन नीरज अग्रवाल, अनिल पांडे एवं संतोष कुमार सारथी का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को नगर पंचायत परिसर में आयोजित किया गया।
समारोह में धरमजयगढ़ के नवपदस्थ एसडीएम भरत कौशिक ने तीनों मनोनीत एल्डरमैन को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
शपथ ग्रहण के बाद अतिथियों ने नवनियुक्त एल्डरमैन को शुभकामनाएं देते हुए नगर पंचायत के विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने की अपेक्षा व्यक्त की। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) प्रभाकर शुक्ला, नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल सरकार, उपाध्यक्ष जगन्नाथ यादव, जनप्रतिनिधि, भाजपा मंडल के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।












