हिन्दी समाचार : धरमजयगढ़
छत्तीसगढ़ में नए जिलों के गठन की चर्चाओं के बीच अब तीन प्रस्तावित जिलों कटघोरा, पत्थलगांव और सरायपाली के नाम सामने आने से धरमजयगढ़ क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग को लेकर चिंता बढ़ गई है। उदयपुर स्टेट के ऐतिहासिक क्षेत्र धरमजयगढ़ को जिला बनाने की मांग लंबे समय से चली आ रही है, लेकिन नए जिलों की सूची में नाम नहीं आने से लोगों की उम्मीदों को बड़ा झटका लग सकता है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि धरमजयगढ़ भौगोलिक, ऐतिहासिक और प्रशासनिक दृष्टि से जिला बनने की सभी संभावनाएं रखता है। लंबे समय से यहां के लोग जिला मुख्यालय की मांग करते आ रहे हैं, ताकि क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हो सके। वर्तमान में सरकारी कामों के लिए लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि धरमजयगढ़ को जिला बनाया जाता है तो आदिवासी बहुल और पिछड़े क्षेत्रों के विकास को नई गति मिल सकती है। लेकिन कटघोरा, पत्थलगांव और सरायपाली जैसे क्षेत्रों के नाम प्रस्तावित जिलों में आने के बाद अब सवाल उठने लगे हैं कि क्या धरमजयगढ़ की वर्षों पुरानी मांग सिर्फ एक सपना बनकर रह जाएगी..?
🫵 उदयपुर स्टेट की पहचान रखने वाले धरमजयगढ़ क्षेत्र में जिला बनाने की उम्मीद कई पीढ़ियों से जुड़ी हुई है। अब आने वाले समय में सरकार के फैसले पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं कि क्या धरमजयगढ़ को भी जिले का दर्जा मिलेगा या फिर यह मांग एक बार फिर अधूरी रह जाएगी।









