हिन्दी समाचार : धरमजयगढ़
ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के आह्वान पर देशभर के केमिस्ट 20 मई को हड़ताल पर रहेंगे। इस हड़ताल का असर धरमजयगढ़ में भी देखने को मिलेगा, जहां नगर की अधिकांश दवा दुकानें बंद रहेंगी। केमिस्ट संघ ने बताया कि यह आंदोलन केवल व्यापारिक हितों के लिए नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य और मरीजों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर किया जा रहा है।
संघ के पदाधिकारियों के अनुसार ऑनलाइन दवा बिक्री, फर्जी डॉक्टरों और नकली ऑनलाइन परामर्श, बिना उचित जांच के दवाओं की बिक्री तथा एंटीबायोटिक्स के गलत उपयोग जैसे मामलों से मरीजों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ रहा है। साथ ही फार्मासिस्टों के पेशेवर सम्मान और अधिकारों की अनदेखी किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।केमिस्ट संघ का कहना है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर दवाओं की बिक्री में कई बार मरीजों की पहचान, डॉक्टर की वैध पर्ची और दवा के सही उपयोग की जांच नहीं हो पाती, जिससे गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा हो रहे हैं। इसी के विरोध में देशभर के केमिस्ट एकजुट होकर 20 मई को हड़ताल करेंगे।
धरमजयगढ़ के दवा व्यापारियों ने आम लोगों से अपील की है कि आवश्यक दवाइयों की खरीद पहले ही कर लें, ताकि हड़ताल के दिन किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। संघ ने यह भी स्पष्ट किया कि आपातकालीन सेवाओं को लेकर आवश्यक निर्णय स्थानीय स्तर पर लिए जाएंगे।








