ब्लॉक संरक्षक शंभू चौहान की अगुआई में आयोजित सम्मान समारोह में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर किया गया उत्साहवर्धन।
हिन्दी समाचार : धरमजयगढ़
चौहान समाज जिला रायगढ़ एवं ब्लॉक धरमजयगढ़ के तत्वावधान में ग्राम हाटी में भव्य “प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ चौहान समाज के आराध्य पुरखा देव दूल्हा देव एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
समारोह का उद्देश्य शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होकर समाज और क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान एवं प्रोत्साहन करना था। इस अवसर पर प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक लालजीत राठिया उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा को सफलता का सबसे सशक्त माध्यम बताते हुए निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।समारोह की अगुआई चौहान समाज के ब्लॉक संरक्षक शंभू चौहान ने की।
कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में स्वजातीय बंधु उपस्थित रहे। वक्ताओं ने समाज में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उच्च लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर समाजजनों ने इसे शिक्षा और प्रतिभा को सम्मान देने की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया। विद्यार्थियों के सम्मान से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।











