हिन्दी समाचार : धरमजयगढ़

नगर पंचायत धरमजयगढ़ क्षेत्र में सड़क विकास से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को लेकर बड़ी पहल सामने आई है। संचालनालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास, छत्तीसगढ़, नया रायपुर द्वारा अधोसंरचना मद अंतर्गत स्वीकृत कार्यों के स्थल परिवर्तन को मंजूरी प्रदान की गई है। इसके तहत ₹41.10 लाख की स्वीकृत राशि से प्रस्तावित बीटी टॉपिंग कार्यों को नए स्थलों पर कराने की अनुमति मिली है।
जारी आदेश के अनुसार पूर्व में स्वीकृत कार्यों में गांधी चौक से पीपरमार चौक तथा साईं मंदिर से पाल मेडिकल तक बीटी टॉपिंग कार्य शामिल थे। स्थल परिवर्तन के बाद अब साईं मंदिर से पाल मेडिकल होते हुए गुड़िया घर से चौक होते हुए बैरियर चौक तक तथा साईं मंदिर से शिव मंदिर तुर्रा तक बीटी टॉपिंग कार्य कराया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए स्वीकृत राशि ₹41.10 लाख ही रखी गई है।
नगरवासियों का कहना है कि सड़क जैसे बुनियादी विकास कार्यों को प्राथमिकता मिलने से धरमजयगढ़ के विकास को गति मिलेगी। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि स्वीकृत कार्यों को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारकर नगरवासियों को इसका लाभ कब तक मिलता है।
इस विकास कार्य को धरमजयगढ़ नगर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। सड़क निर्माण एवं बीटी टॉपिंग से संबंधित कार्यों से आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ नगर की सड़कों की स्थिति में भी सुधार होने की उम्मीद है।
इस कार्य को धरातल पर लाने में नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी, पार्षद जानू सिदार और नगर पंचायत अध्यक्ष की सक्रिय पहल एवं प्रयासों को महत्वपूर्ण श्रेय दिया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने रखकर विकास कार्यों को स्वीकृति दिलाने की दिशा में इनकी भूमिका को अहम माना जा रहा है।













