हिन्दी समाचार : धरमजयगढ़
नगर पंचायत धरमजयगढ़ के वार्ड क्रमांक 08 संतोषनगर के पार्षद जानू सिंह सिदार और भाजयुमो के अध्यक्ष समय अग्रवाल ने बैरियर चौक क्षेत्र में महिला प्रसाधन कक्ष (शौचालय) की व्यवस्था नहीं होने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए मुख्य नगर पंचायत अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।
💢 महिलाओं, शिक्षिकाओं और कर्मचारियों को भारी असुविधा
ज्ञापन में बताया गया है कि बैरियर चौक के आसपास कई महत्वपूर्ण कार्यालय और संस्थान संचालित हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाओं का आना-जाना लगा रहता है। यहां उर्सुलाइन गर्ल्स स्कूल, बाल विकास परियोजना कार्यालय तथा बीआरसी कार्यालय स्थित है। बाल विकास परियोजना में लेडीज कर्मचारियों की आए दिन बैठकें होती रहती हैं, वहीं बीआरसी कार्यालय में भी महिला और पुरुष शिक्षकों की लगातार बैठकें आयोजित होती रहती हैं।इसके बावजूद इस पूरे क्षेत्र में महिलाओं के लिए प्रसाधन कक्ष की कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में दूर-दराज से आने वाली महिलाओं, शिक्षिकाओं और कर्मचारियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
💢 महिलाओं की गरिमा और स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय
पार्षद और भाजयुमो अध्यक्ष ने कहा कि यह स्थिति महिलाओं की गरिमा और स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय है, लेकिन इसके बावजूद अब तक यहां प्रसाधन कक्ष की व्यवस्था नहीं की गई है, जो नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि बैरियर चौक के पास जल्द से जल्द महिला प्रसाधन कक्ष का निर्माण कराया जाए, ताकि यहां आने वाली महिलाओं को राहत मिल सके।







