हिन्दी समाचार : धरमजयगढ़
उरगा से पत्थलगांव तक भारतमाला परियोजना के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कार्य डीबीएल कंपनी द्वारा किया जा रहा है। इसी परियोजना के तहत सिसरिंगा घाट के समीप पहाड़ की ब्लास्टिंग के दौरान आसपास के क्षेत्र में कुछ स्थानों पर क्षति होने की जानकारी सामने आई है।
इसी को ध्यान में रखते हुए DBL कंपनी ने बंजारी मंदिर समिति को लिखित आश्वासन दिया है कि सड़क निर्माण के दौरान यदि मंदिर को किसी भी प्रकार की क्षति होती है, तो उसकी मरम्मत कंपनी अपने खर्च पर कराएगी। साथ ही निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद मंदिर का सौंदर्यीकरण भी कराया जाएगा।
मंदिर समिति ने डीबीएल कंपनी के लिखित आश्वासन का स्वागत करते हुए विश्वास जताया है कि सड़क निर्माण के साथ-साथ धार्मिक स्थल की सुरक्षा, संरक्षण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।
कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, सड़क निर्माण पूरा होने के बाद मंदिर परिसर में रंग-रोगन सहित आवश्यक विकास कार्य कर इसे अधिक आकर्षक और व्यवस्थित स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
वहीं, सड़क निर्माण के दौरान मंदिर परिसर के समीप स्थित सार्वजनिक शौचालय क्षतिग्रस्त हो गया है। इसे देखते हुए डीबीएल कंपनी ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को पत्र लिखकर मंदिर के आसपास उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है, ताकि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नए सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जा सके।











